उत्तर प्रदेश

यूपी के बस स्टेशंनो पर होटल-मॉल जैसी सुविधाएं, PPP मॉडल के तहत खर्चे जायेगें 1100 करोड़

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रदेश सरकार बड़े स्तर पर बस अड्डों के विकास की योजना पर काम कर रही है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने 18 प्रीमियम बस स्टेशनों और वाणिज्यिक परिसरों के विकास के लिए निजी निवेशकों से टेंडर आमंत्रित किए हैं। इन परियोजनाओं को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इन योजनाओं में 1100 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

बस अड्डों के साथ विकसित होंगे होटल और मॉल

योजना के तहत आधुनिक बस स्टेशनों को सिर्फ परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि ट्रांजिट-कमर्शियल हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इन परिसरों में होटल, मॉल, फूड कोर्ट, ऑफिस स्पेस, मल्टीप्लेक्स और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। निवेशकों को परियोजनाओं के लिए 90 वर्ष तक की कंसेशन अवधि का लाभ दिया जाएगा। इसके जरिए निजी क्षेत्र की भागीदारी से आधुनिक सुविधाओं वाले बस अड्डे तैयार किए जाएंगे।

इन 18 शहरों में बनेंगे प्रीमियम बस स्टेशन

यूपीएसआरटीसी के अनुसार, प्रदेश के इन स्थानों पर आधुनिक बस स्टेशनों का विकास किया जाएगा

अकबरपुर
अमेठी
बदायूं
भिनगा
गोंडा
बलरामपुर
बस्ती
गोला
सिधौली
माती
उन्नाव
हैदरगढ़
नहटौर
सराय अकिल
बादशाहपुर
तरवा
पीलीभीत
निचलौल

10 अगस्त तक जमा होंगे टेंडर

यूपीएसआरटीसी ने बताया कि निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 दोपहर 2 बजे निर्धारित की गई है। चयनित निवेशकों के साथ मिलकर इन बस स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से यात्रियों को आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

Related Articles

Back to top button