उत्तर प्रदेश

राज्यपाल के भाषण का वीडियो साझा कर अखिलेश का तंज, बोले- आपसी टकराहट ने ‘डबल इंजन’ को ‘ट्रबल इंजन’ बना दिया

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश और गुजरात की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आपसी टकराहट ने ‘डबल इंजन’ को ‘ट्रबल इंजन’ बना दिया है।

सपा प्रमुख ने “एक्स” पर गोरखपुर में विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बृहस्पतिवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के उद्बोधन का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के बावजूद विश्वविद्यालय की समस्याओं का जिक्र करते हुए उसे तीन माह में ठीक करने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की।

‘गोरखपुर मॉडल’ और ‘गुजरात मॉडल’ पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने राज्यपाल के भाषण के वीडियो का अंश साझा करने के साथ ही अपने पोस्ट में लिखा “‘गोरखपुर मॉडल’ की पोल खोलते-खोलते तुलना के रूप में ‘गुजरात मॉडल’ की घपलेबाज़ी की बात भी सामने आ गई।” पोस्ट में उन्होंने कहा “दोनों में जो बातें समान हैं वो ये हैं कि दोनों जगह भाजपाई सरकार है और भाजपाई महा-भ्रष्टाचार भी।” यादव ने इसी पोस्ट में आरोप लगाया “आपसी टकराहट ने तो ‘डबल इंजन’ को ‘ट्रबल इंजन’ बना दिया है।”

भाजपा ने किया पलटवार

भारतीय जनता पार्टी की उप्र इकाई ने अपने आधिकारिक “एक्स” खाते पर यादव की पोस्ट के करीब दो घंटे बाद एक पोस्ट में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सपा सरकार और मौजूदा भाजपा सरकार का तुलनात्मक पोस्टर साझा किया जिसमें सपा सरकार में 18 माह में 28 दंगे का जिक्र किया गया है जबकि भाजपा सरकार की उपलब्धियाों को गिनाया गया है। भाजपा ने इस पोस्ट में कहा, “जहां कभी कुशासन, दंगे, माफिया की भरमार थी उसी उप्र में आज डिफेंस कॉरिडोर, डाटा कॉरिडोर की गूंज है।”

Related Articles

Back to top button