
बेंगलुरु। भारतीय डाक विभाग में नौकरी करने की ख्वाहिश रखने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। डाक प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन पोस्टल टेक्नोलॉजी- सीईपीटी) ने विभिन्न श्रेणियों के तकनीकी पदों में रिक्तियों को भरने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
इंडिया पोस्ट ने जिन 20 पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें असिस्टेंट मैनेजर के 15 और टेक्निकल सुपरवाइजर के 5 पद शामिल हैं। वहीं, जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 4 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे नोटिफिकेशन में दिए गए आधिकारिक लिंक के माध्यम से तय लास्ट डेट के शाम 5.00 बजे तय या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन की डिग्री या किसी भी बैचलर की डिग्री के साथ कंप्यूटर विज्ञान में एक वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। इसी के साथ अभ्यर्थियों के पास अन्य प्रसांगिक पात्रता और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 56 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 23 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, योग्य उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू/डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की शुरुआती सैलरी 9,300 से 34,800 रुपए के प्रति माह होगी। इसी के साथ अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
वहीं, ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की एक हार्ड कॉपी संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स के साथ ‘डाक प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र, बेंगलुरु-560001’ पते पर अंतिम तिथि से पहले डाक करना होगा।




