खेल-खिलाड़ी

LSG VS KKR: क्रिकेट मैच के बीच फिल्मी गीतों पर झूमते रहे दर्शक, इकाना स्टेडियम में दिखा बॉलीवुड फिल्मों का SWAG

इकाना स्टेडियम में रविवार को कोलकाता नाइट राइजर्स और एलएसजी के बीच हुए मैच के दौरान गेंद और बल्ले के धमाल के बीच फिल्मी गीतों ने भी दर्शकों को मदहोश किया। मैदान पर जारी संघर्ष के बीच हजारों वॉट के म्यूजिक सिस्टम से जब बॉलीवुड के सुपरहिट गानों की गूंज उठी, तो पूरा स्टेडियम किसी डांस फ्लोर में तब्दील हो गया।

‘तू प्रेमी, मैं प्रेमी’ और ‘लड़की आंख मारे’ जैसे गानों के बजते ही स्टैंड्स में बैठा हर प्रशंसक अपनी जगह पर थिरकने लगा। युवाओं का जोश तब और बढ़ गया जब ‘जुम्मे की रात है’ और ‘कांटा लगा’ जैसे गानों ने माहौल में उत्साह का तड़का लगाया। खासकर ‘यूपी वाला ठुमका लगाऊं’ और ‘दिल वालों के दिल का करार लूटने’ जैसे गानों पर लखनऊ के दर्शकों ने जमकर ठुमके लगाए। चौकों और छक्कों के बीच संगीत के इस मनोरंजन ने भीषण गर्मी के बावजूद प्रशंसकों के जोश को ठंडा नहीं होने दिया।

रघुवंशी का आउट होना रहा सुर्खियों में

मैच का सबसे चर्चित पल अंगकृष रघुवंशी का आउट होना रहा। उन्हें फील्ड में बाधा डालने के आधार पर टीवी अंपायर ने आउट करार दिया। शमी के थ्रो के वक्त रघुवंशी द्वारा लाइन बदलने को जानबूझकर की गई कोशिश माना गया। इसके बाद मोहसिन ने रोवमन पॉवेल (1) और कैमरन ग्रीन (34) को भी पवेलियन भेजकर केकेआर की कमर तोड़ दी। मोहसिन खान ने अपने चार ओवर के स्पेल में मात्र 23 रन देकर पांच विकेट झटके।

रिंकू सिंह बने संकट मोचक

एक समय केकेआर के सात विकेट मात्र 93 रन पर गिर चुके थे। ऐसे में रिंकू सिंह ने एक छोर संभाले रखा और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पारी को संभाला। रिंकू ने 51 गेंदों पर नाबाद 83 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें सात चौके और पांच छक्के शामिल रहे। अंतिम ओवरों में रिंकू और सुनील नारायण ने रनों की झड़ी लगा दी, जिससे टीम 150 के पार पहुंचने में सफल रही। दोनों ने मिलकर अंतिम ओवर में 26 रन बना लिये। राठी के इस ओवर में रिकूं सिंह ने चार छक्के जड़े। लखनऊ की ओर से मोहसिन के अलावा जॉर्ज लिंडे को एक सफलता मिली।

Related Articles

Back to top button