
लखनऊ: यूपी में सीएम योगी ने कैबिनेट की बैठक की, जिसमें कई प्रस्तावों पर मुहर लगी। इस बैठक के बारे में जानकारी देते हुए सीएम योगी ने बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी ने बताया कि नोएडा के जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा। सीएम योगी ने पीएम मोदी के सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की अनवरत यात्रा जनसेवा से जनकल्याण, जनभागीदारी से जनविश्वास की अनूठी मिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता से प्रेरणा लेकर उत्तर प्रदेश ने गवर्नेंस की नई कार्य संस्कृति को अपनाया। परिणाम स्वरूप सुसाशन, सुदृढ कानून व्यवस्था, आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और निवेश अनुकूल वातावरण उत्तर प्रदेश की पहचान बनकर उभरे हैं। उत्तर प्रदेश नए आत्मविश्वास के साथ नए आयाम स्थापित कर रहा है।
25 साल पूरे होने पर पीएम मोदी को दी बधाई
सीएम योगी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “7 अक्टूबर देश के इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। सरकार के प्रमुख रूप में अनवरत चल रही समर्पित सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश का मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री मोदी का हार्दिक अभिनंदन करती है। उत्तर प्रदेश के लिए विशेष गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश की धरा से ही लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने सेवा ही समर्पण, और राष्ट्र प्रथम को अपना मूलमंत्र मानते हुए राष्ट्र निर्माण को अपना सर्वोच्च ध्येय बनाया है। प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की अनवरत यात्रा जनसेवा से जनकल्याण, जनभागीदारी से जनविश्वास की अनूठी मिसाल है।”
‘नए आयाम स्थापित कर रहा उत्तर प्रदेश’
सीएम योगी ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का और उत्तर प्रदेश का रिश्ता बेहद आत्मीय है। जब प्रधानमंत्री 2014 में काशी आए थे, तो उन्होंने कहा था कि मुझे मां गंगा ने बुलाया है। काशी और मां गंगा से आरंभ हुआ आत्मीय सम्बंध समय के साथ निरंतर गहरा हुआ और आज राज्य के सर्वांगीण कायाकल्प का आधार बना है। केंद्र और राज्य के साझा संकल्प और टीम इंडिया भावना के साथ उत्तर प्रदेश अभूतपूर्व प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सर्वविदित है 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश प्रशासनिक अस्थिरता, जन-जन में असुरक्षा की भावना और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता से प्रेरणा लेकर उत्तर प्रदेश ने गवर्नेंस की नई कार्य संस्कृति को अपनाया। परिणाम स्वरूप सुसाशन, सुदृढ कानून व्यवस्था, आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और निवेश अनुकूल वातावरण उत्तर प्रदेश की पहचान बनकर उभरे हैं। उत्तर प्रदेश नए आत्मविश्वास के साथ नए आयाम स्थापित कर रहा है।”




