उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

नितिन नबीन ने दिया जीत का मंत्र, काशी की 71 सीटों पर BJP की नजर; MLC चुनाव में सभी 11 सीटें जीतने का लक्ष्य

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। साथ ही, स्नातक और शिक्षक विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों में प्रदेश की सभी 11 सीटों पर जीत के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुटने का निर्देश दिया है।

नितिन नबीन के सात और आठ अक्टूबर को काशी प्रवास के दौरान सात संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं, जो गुरुवार शाम संपन्न हुईं। इन बैठकों में जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ पूर्व पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी विधानसभा एवं विधान परिषद चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

बैठकों में भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के अनुभवी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया से परिचित हैं। ऐसे में क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर पर संगठनात्मक बैठकों को हर महीने नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए।

उन्होंने पार्टी के कार्यक्रमों की समयबद्ध योजना तैयार करने और उनकी जानकारी जनप्रतिनिधियों व पूर्व पदाधिकारियों तक समय से पहुंचाने के लिए संवाद व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया। साथ ही जिला, विधानसभा और मंडल स्तर पर घोषित सभी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा के साथ संपन्न कराने का आह्वान किया।

विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंकने का निर्देश

नितिन नवीन ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अहम बताते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ जुटने को कहा। उन्होंने काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य सामने रखा और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर जोर दिया।

MLC चुनाव में सभी 11 सीटें जीतने का लक्ष्य

भाजपा अध्यक्ष ने स्नातक और शिक्षक विधान परिषद चुनावों को लेकर भी स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने प्रदेश की सभी 11 सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को तत्काल चुनावी अभियान में जुटने का निर्देश दिया।

उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक प्रत्यक्ष संपर्क और संवाद स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रभावी जनसंपर्क से पार्टी को चुनाव में लाभ मिल सकता है। बैठक में चुनावी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने और संगठनात्मक समन्वय मजबूत रखने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button