
मुम्बई। विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर को रविवार से शुरु हो रही अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज और आने वाले एशियाई खेलों के लिए भारत की टीम में शामिल किया गया है। यह ठाकुर की दूसरी टी-20 सीरीज होगी। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज शुरू होने से पहले BCCI ने टीम इंडिया में बड़ा बदलाव किया है। बोर्ड ने तेज गेंदबाज हर्षित राणा को चोट के चलते अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज और एशियन गेम्स के लिए रेस्ट देने का फैसला किया है। उनकी जगह पुरुष चयन समिति ने तेज गेंदबाज यश ठाकुर को शामिल किया है।
यश ठाकुर ने जिम्बाब्वे दौरे पर किया था डेब्यू
उन्होंने जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय पर्दापण किया था। ठाकुर को पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में जगह मिली, जहां उन्होंने सात मैचों में 18 विकेट लिए थे। जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने दो मैचों में 9.37 की इकॉनमी रेट से चार विकेट लिए थे। हर्षित राणा, जो ‘सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस’ में हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे थे, एक और चोट लगने के कारण टीम से बाहर हो गए।
फिटनेस के आधार पर टीम में बुमराह और नीतीश
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक बयान में पुष्टि की गई है कि उन्हें ‘रेक्टस फेमोरिस स्ट्रेन’ (जांघ की मांसपेशी में खिंचाव) की चोट लगी है; यह चोट सात सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते समय लगी थी। नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह – ये सभी अफगानिस्तान टी-20 के लिए फिटनेस मंजूरी का इंतजार कर रहे थे – को अपडेटेड टीम में शामिल किया गया है।
अफगानिस्तान सीरीज के बाद एशियन गेम्स
एशियाई खेलों से पहले भारत को जापान के खिलाफ एक ऐतिहासिक टी-20 मैच भी खेलना है। अफगानिस्तान टी-20 और एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम अब इस प्रकार है :- श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, इशान किशन, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर।
टी20 सीरीज का शेड्यूल
पहला टी20: 13 सितंबर- अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
दूसरा टी20: 15 सितंबर- अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
तीसरा टी20: 17 सितंबर- अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली




