
लखनऊ। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग धनखड़ का शव सोमवार को अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए अगरतला के गोविंद बल्लभ पंत (GB) अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामले में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, त्रिपुरा पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
अनुराग धनखड़ राज्य के पुलिस प्रमुख के रूप में कार्यरत थे। उनके अचानक निधन की खबर से पुलिस महकमे और प्रशासनिक अधिकारियों में शोक की लहर है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।




