
राजधानी के ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। सौभाग्य योजना पार्ट-तीन के तहत जिले के 57 गांवों में नया बिजली नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इनमें अमौसी जोन के 50 और जानकीपुरम जोन के सात गांव शामिल हैं।
नए नेटवर्क से मोहनलालगंज, बीकेटी, सरोजनीनगर और मलिहाबाद क्षेत्र में रहने वाले हजारों परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।लेसा की ओर से इन इलाकों में बिजली आपूर्ति के लिए नए एचटी और एलटी पोल, ट्रांसफार्मर तथा एरियल बंच कंडक्टर लगाए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य दिसंबर 26 तक सभी चिन्हित गांवों को नए नेटवर्क से जोड़कर बिजली आपूर्ति शुरू करना है।
115 गांवों के सर्वे के बाद 57 जगहों का चयन
सौभाग्य योजना पार्ट-तीन के तहत लेसा ने लखनऊ के 115 गांवों और मजरों का सर्वे कराया था। सर्वे में ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया, जहां कुछ घर या आबादी अभी तक विद्युतीकरण से वंचित थी। जांच के बाद 57 गांवों और जगहों में नए बिजली नेटवर्क की जरूरत सामने आई।
विभाग ने नेटवर्क विस्तार के लिए ऐसी जगहों को प्राथमिकता दी है, जहां छह या उससे अधिक परिवार रहते हैं। इसके तहत समेसी, गोसाईगंज, निगोहां, मोहनलालगंज, रहीमाबाद, माल, मलिहाबाद, दुबग्गा, काकोरी और बीकेटी उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों हैं।
एबीसी से होगी बिजली आपूर्ति
नए नेटवर्क में एरियल बंच कंडक्टर का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ जरूरत के मुताबिक एचटी-एलटी लाइन और ट्रांसफार्मर भी स्थापित किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
छह या इससे अधिक परिवार वाले गांवों और स्थानों में बिजली नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। इसके लिए पोल और ट्रांसफार्मर लगाने के साथ एरियल बंच कंडक्टर बिछाया जाएगा। -मुख्य अभियंता, अमौसी जोन राम कुमार




