उत्तर प्रदेश

24 साल बाद UP विधानसभा पहुंचे राजनाथ सिंह : सतीश महाना ने किया स्वागत, डिजिटल गैलरी का अवलोकन व नवाचारों को सराहा

लखनऊ। रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे के दौरान रविवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे। उनके आगमन पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। करीब 24 वर्षों बाद विधानसभा पहुंचे राजनाथ सिंह ने यहां किए गए आधुनिकीकरण और व्यवस्थाओं की सराहना की। दोपहर करीब 12 बजे विधानसभा पहुंचे रक्षा मंत्री ने सबसे पहले डिजिटल गैलरी का अवलोकन किया।

यहां उन्होंने विधानसभा के गौरवशाली इतिहास पर आधारित एक विशेष फिल्म देखी, जिसमें प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपरा, ऐतिहासिक फैसलों और विधायी यात्रा को दर्शाया गया है। उन्होंने इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि ऐसे नवाचारों से विधायी कार्यों में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी।

इसके बाद राजनाथ सिंह ने विधानसभा परिसर में विकसित विभिन्न आधुनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने हेलिकॉप्टर अनुभव, आधुनिक गलियारों, समिति कक्ष, टंडन हाल, सुसज्जित दर्शक दीर्घा और मंडप कक्ष का अवलोकन किया। साथ ही गैलरी में प्रदर्शित महापुरुषों के चित्र, नवीनीकृत मीडिया कक्ष और ऐतिहासिक भित्ति चित्रों को भी देखा।

उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं से विधानसभा की गरिमा और कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही उन्होंने परिसर के भव्य प्रवेश द्वार और समग्र सुदृढ़ एवं आकर्षक स्वरूप की भी प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के साथ एक डिजिटल सेल्फी भी ली। कार्यक्रम के अंत में रक्षा मंत्री को विधानसभा के महत्वपूर्ण भाषणों के संकलन पर आधारित एक विशेष पुस्तक भेंट की गई।

उन्होंने इसे उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की। राजनाथ सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से विधानसभा में परंपरा और आधुनिकता का उत्कृष्ट समन्वय स्थापित हुआ है, जो जनहितकारी विधायी कार्यों के लिए एक आदर्श मंच के रूप में विकसित हो रहा है।

Related Articles

Back to top button