उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

अयोध्या के मेडिकल कॉलेज में बम बनाने वाली पर्ची मिलने से हड़कंप, पुलिस ने सरफराज खान को पकड़ा; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

यूपी की धार्मिक नगरी अयोध्या के मेडिकल कॉलेज में बम बनाने की पर्ची पकड़े जाने का मामला सामने आया है। इससे मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया और आननफानन में पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद, जांच के दौरान पुलिस ने छात्र सरफराज खान को कस्टडी में लिया और उससे पूछताछ शुरू की। साथ ही, नाइट ड्यूटी वाले कुछ अन्य छात्रों को भी कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। पूछताछ में एटीएस, एसटीएफ, आईबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को लगाया गया है।

एक्स-रे रूम में मिली बम बनाने वाली पर्ची

इस घटना पर मेडिकल कॉलेज के CMS डॉक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि हमारे यहां 2025 बैच का एक एक्स-रे टेक्नीशियन स्टूडेंट है। सुबह जब आज कुछ बच्चे आए मॉर्निंग ड्यूटी में एक्स-रे रूम में पहुंचे तो उन्हें एक कागज मिला, जिस पर कुछ संदिग्ध चीजें लिखी हुई थीं। ये चीजें बम से संबंधित थीं। फिर, उन्होंने अपने सुपरवाइजर को बताया और उसके जरिए मुझे पता लगा। इसकी सूचना मैंने तत्काल पुलिस को दे दी।

सरफराज के अलावा कई अन्य लोगों से भी हो रही पूछताछ

डॉक्टर अरविंद सिंह ने आगे कहा कि अब इस समय पुलिस अपनी एसओपी के अनुसार कार्रवाई कर रही है। दो लोग और हिरासत में लिए गए हैं, जिसमें अभिषेक नाम का एक टेक्नीशियन भी है। जो लोग साथ में ड्यूटी पर थे उस समय रात में, उन लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं अयोध्या

गौरतलब है कि अयोध्या हिंदू धर्म के मानने वालों के लिए बेहद महत्वपूर्ण नगरी है। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और ऐतिहासिक व आध्यात्मिक केंद्र होने की वजह से खास है। सरयू नदी के तट पर बसी अयोध्या सनातन संस्कृति की पहचान है। दो साल पहले 22 जनवरी, 2024 को अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई, तब से यहां दर्शन के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। जान लें कि पिछले साल अप्रैल महीने में अयोध्या के राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस मामले में FIR भी दर्ज की गई थी।

Related Articles

Back to top button