उत्तर प्रदेश

जालौन : जनसुनवाई में भावुक हुआ माहौल, अनाथ बालक की मदद को आगे आया प्रशासन

जालौन। जालौन में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान उस समय भावुक दृश्य देखने को मिला, जब छह वर्षीय रामनारायण अपनी मौसी के साथ जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के समक्ष पहुंचा और पढ़-लिखकर पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा जताई। रामनारायण ने बताया कि उसकी मां का वर्ष 2020 में निधन हो चुका है और उसके पिता ने भी उसे छोड़ दिया है।

वर्तमान में वह अपनी मौसी के साथ रह रहा है। बच्चे की स्थिति और उसकी मौसी की पीड़ा सुनकर वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। उन्होंने प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि बालक को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) से लाभान्वित कराया जाए।

साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि रामनारायण का प्रवेश शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत किसी विद्यालय में सुनिश्चित किया जाए और उसे किताबें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होने कहा कि प्रशासन हर जरूरतमंद के साथ खड़ा है और बच्चों की शिक्षा तथा भविष्य को सुरक्षित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान अन्य फरियादियों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया।

Related Articles

Back to top button