उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर मिली बिना सिर की लाश, बक्से में धड़ और हाथ-पैर पॉलिथीन में पैक

लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इस वक्त एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, जिसने पूरे पुलिस महकमे और रेलवे प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर एक युवती की बेरहमी से हत्या कर, उसके शव को छह टुकड़ों में काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

हत्यारों की हैवानियत का अंदाजा आप इस बात से लगाइए कि उन्होंने युवती की हत्या की, शव के टुकड़े किए और उसे बक्से और बैग में पैक करके छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में लावारिस छोड़ दिया।

यह पूरा मामला तब खुला जब रविवार सुबह यह ट्रेन गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। स्लीपर कोच एस-1 (S-1) में एक लावारिस बक्सा और बैग मिलने से हड़कंप मच गया। जब जीआरपी ने संदेह होने पर उस बक्से को खोला, तो वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। बक्से के अंदर एक करीब 25 से 30 साल की युवती का बिना सिर का धड़ रखा हुआ था। वहीं, पास में रखे दूसरे बैग को जब खोला गया, तो उसमें पॉलीथीन के अंदर पैक किए हुए हाथ और पैर बरामद हुए। यानी शव के 5 टुकड़े तो मिल गए हैं, लेकिन युवती का सिर अब भी गायब है।

इस वारदात ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल से लेकर गोरखपुर मुख्यालय तक के तमाम बड़े अधिकारी इस वक्त सक्रिय हैं। आखिर इतना बड़ा बक्सा और बैग लेकर हत्यारा ट्रेन में कैसे सवार हो गया?

डीसीपी/एसीपी रेलवे रोहित मिश्र ने बताया है कि मामले की जांच के लिए तीन विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। क्योंकि यह ट्रेन 12 घंटे का सफर तय करती है और करीब 20 स्टेशनों से होकर गुजरती है, इसलिए पुलिस अब इन सभी 20 स्टेशनों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खूनी बक्सा ट्रेन में किसने और कहाँ रखा था।

सफर के दौरान कोच में रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों की लिस्ट निकाली जा रही है, लेकिन जनरल टिकट वाले यात्रियों की वजह से जांच में थोड़ी मुश्किल जरूर आ रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही कातिल सलाखों के पीछे होगा।

Related Articles

Back to top button