
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल जीवन मिशन के कार्यों को लेकर सख्ती बरतते हुए सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खुदाई के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और काम पूरा होते ही खोदी गई सड़कों तथा गड्ढों को तुरंत भर दिया जाए।
सीएम योगी ने कहा है कि जिलाधिकारी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी खुद स्थल पर जाकर निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि कहीं कोई गड्ढा खुला न छूटा हो। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब सभी जिलों में जिलाधिकारी, जल जीवन मिशन के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभाग के अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय जांच करेंगे। खोदी गई सड़कें व गड्ढों को तत्काल भरने की प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जल समाधान पोर्टल पर खुदाई, लीकेज और पानी आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए।
शिकायत दर्ज कराने के लिए
लोग जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-121-2164 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रगति उत्तर प्रदेश में अब तक करीब 2.50 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है। विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में लक्ष्य लगभग 100% पूरा हो चुका है।
योगी सरकार पूरे प्रदेश में घर-घर साफ पेयजल पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है।यह निर्देश ऐसे समय में आए हैं जब जल जीवन मिशन के कार्यों के दौरान सड़कों पर खोदे गए गड्ढों से आमजन को परेशानी हो रही थी। अब सरकार की सख्ती से स्थिति में सुधार की उम्मीद है।




