उत्तर प्रदेश

CM योगी का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ा तोहफा : मानदेय में 4 हजार की बढ़ोतरी

यूपी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए एक साथ कई बड़ी खुशखबरियां सामने आई हैं। मानदेय में बढ़ोतरी के साथ अब एक अतिरिक्त साड़ी के लिए 500 रुपये, परिवार के लिए हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन देने की घोषणा की गई है। यानी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सिर्फ मानदेय में बढ़ोतरी का फायदा नहीं मिलेगा, बल्कि सरकार की ओर से कई दूसरी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।

सबसे पहले बात करते हैं मानदेय की, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रति माह करने की घोषणा की है, वहीं आंगनवाड़ी व सहायिकाओं का मानदेय 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 8 हजार रुपये प्रति माह किया गया है, यानी कार्यकर्ताओं को हर महीने 4 हजार रुपये, जबकि सहायिकाओं को 2 हजार रुपये ज्यादा मिलेंगे। इसका फायदा प्रदेश की करीब 3 लाख 28 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मिलेगा। इसके साथ ही साड़ी को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है, 2 लाख 91 हजार 162 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के खातों में साड़ी के लिए 29 करोड़ 11 लाख रुपये DBT के जरिए ट्रांसफर किए गए हैं।

पहले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दो साड़ियों के लिए पैसे मिलते थे, लेकिन अब इसमें एक अतिरिक्त साड़ी भी शामिल की गई है। इस अतिरिक्त साड़ी के लिए 500 रुपये एक्स्ट्रा दिए जाएंगे, यानी अब आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को साड़ी के लिए पहले के मुकाबले अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी, इसके अलावा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और उनके परिवार के लिए हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने की भी घोषणा की गई है, मतलब बीमारी या इलाज की जरूरत पड़ने पर परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिल सकेगी। इतना ही नहीं, आंगनवाड़ी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए स्मार्टफोन देने की घोषणा भी की गई है।

वहीं अयोध्या में आयोजित आंगनवाड़ी सम्मान समारोह में नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए गये हैं। महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य के मुताबिक प्रदेश में हाल ही में 71 हजार 310 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती हुई है। इनमें 21 हजार 804 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 49 हजार 506 सहायिकाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद कुछ नवनियुक्त आंगनवाड़ी व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा है। जबकि बाकी जिलों में भी समानांतर रूप से नियुक्ति पत्रों का वितरण किया गया है, साथ ही कार्यक्रम में मेधावी बच्चों और उत्कृष्ट सुपरवाइजर्स को भी सम्मानित किया जा रहा है।

यानी कुल मिलाकर देखें तो यूपी की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए यह कार्यक्रम कई बड़ी सौगात लेकर आया है, मानदेय बढ़ा, अतिरिक्त साड़ी के लिए 500 रुपये, 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज, स्मार्टफोन की घोषणा और हजारों नवनियुक्तों को नियुक्ति पत्र, इन फैसलों को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मान की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button