उत्तर प्रदेश

BRICS Summit 2026: दिल्ली में सुरक्षा का ऐसा घेरा, VVIP मूवमेंट पर ही थमेगी सड़कें; जानें क्या खुला और क्या बंद

राजधानी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली और लुटियंस दिल्ली समेत प्रमुख VVIP इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट से लेकर भारत मंडपम और विदेशी प्रतिनिधियों के ठहरने वाले होटलों तक सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं।

सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों की आवाजाही के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, करीब 15 हजार पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिए 30 हजार से अधिक सुरक्षाबलों की तैनाती की जानकारी भी सामने आई है।

VVIP इलाकों में 500 से ज्यादा CCTV

VVIP इलाकों की निगरानी के लिए 500 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इनमें फेस रिकग्निशन सिस्टम और वाहनों की नंबर प्लेट पहचानने वाले कैमरे भी शामिल हैं। इन कैमरों की निगरानी के लिए केंद्रीय कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से अलग-अलग इलाकों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले होटलों में भी सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं। VVIP क्षेत्रों को अलग-अलग जोन में बांटकर प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एक DCP को दी गई है। एयरपोर्ट, होटल और सम्मेलन स्थल के बीच प्रतिनिधियों की आवाजाही के दौरान भी सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया गया है।

VVIP मूवमेंट के दौरान ही बंद होंगे रास्ते

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आम लोगों के लिए सड़कें लगातार बंद नहीं रहेंगी। VVIP मूवमेंट के समय और आवश्यकता के अनुसार ही कुछ मार्गों को थोड़ी देर के लिए बंद या डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित रास्तों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। BRICS Summit के दौरान दिल्ली मेट्रो सेवा पर सामान्य तौर पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। यानी सड़क मार्ग पर अस्थायी बदलाव हो सकते हैं, लेकिन मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को सामान्य रूप से यात्रा की सुविधा मिलेगी।

राष्ट्रपति भवन म्यूजियम और अमृत उद्यान बंद

BRICS Summit के मद्देनजर दिल्ली के कुछ प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी तीन दिनों के लिए बंद रखा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रपति भवन म्यूजियम और अमृत उद्यान शुक्रवार से रविवार तक विजिटर्स के लिए बंद रहेंगे।

शनिवार को राष्ट्रपति भवन परिसर में आयोजित होने वाली ‘चेंज ऑफ गार्ड’ सेरेमनी भी नहीं होगी।

दिल्ली मेट्रो ने भी सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित अपने म्यूजियम को शुक्रवार से तीन दिनों तक बंद रखने का फैसला किया है।

दिल्ली में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद?

इन फैसलों का उद्देश्य BRICS प्रतिनिधियों की आवाजाही को सुगम बनाना और सम्मेलन स्थल के आसपास भीड़ को नियंत्रित करना है। सुरक्षा कारणों से आम लोगों की आवाजाही कुछ क्षेत्रों में सीमित की जा सकती है।

दिल्ली सरकार ने पहले ही 11 सितंबर को अपने कार्यालयों में अवकाश घोषित किया है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय की ओर से भी केंद्र सरकार के कार्यालयों में उस दिन छुट्टी को लेकर आधिकारिक सर्कुलर जारी किया गया है।

दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक ट्रैफिक पर असर

दिल्ली पुलिस ने BRICS Summit को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार, दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक यातायात को डायवर्ट और नियंत्रित किया जाएगा।

पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और अतिरिक्त समय लेकर चलें। खासतौर पर सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

यात्रियों को निर्धारित डायवर्जन रूट और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। पुलिस के मुताबिक, आपातकालीन और जरूरी सेवाओं से जुड़ी गाड़ियों को प्राथमिकता के साथ रास्ता दिया जाएगा।

दिल्ली में बनाए गए 22 डायवर्जन प्वाइंट

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता के मुताबिक, लोगों को यातायात व्यवस्था की जानकारी देने के लिए दिल्ली पुलिस की वेबसाइट, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और प्रिंट मीडिया के जरिए एडवाइजरी जारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि यातायात को नियंत्रित करने के लिए 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। इन निर्धारित स्थानों से जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। पुलिसकर्मियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे यात्रियों को डायवर्ट किए गए मार्गों की जानकारी उपलब्ध कराएं।

राष्ट्रीय लोक अदालत की तारीख भी बदली

BRICS Summit के चलते न्यायिक कामकाज से जुड़ी तारीखों में भी बदलाव किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत अब 10 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी।

वहीं, निचली अदालतों में 11 और 12 सितंबर को अवकाश रहेगा। इन दोनों तारीखों के लिए निर्धारित मामलों की सुनवाई 14 सितंबर को होगी।

पुलिस ने आम लोगों और कैब चालकों से अपील की है कि वे BRICS Summit के दौरान प्रभावित होने वाले मार्गों को लेकर जारी ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

आम लोगों के लिए क्यों जरूरी है?

BRICS Summit के दौरान दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य दिनों से अलग रहेगी। सड़क से सफर करने वालों को कुछ समय के लिए डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है, जबकि मेट्रो सामान्य तौर पर सबसे सुविधाजनक विकल्प बनी रहेगी। इसलिए जरूरी यात्रा पर निकलने से पहले रूट और ट्रैफिक अपडेट देखना आपके समय और परेशानी दोनों को बचा सकता है।

Related Articles

Back to top button