देशबड़ी खबर

महंगाई का एक और झटका! अमूल ने बढ़ाए दूध के दाम, 14 मई से लागू होंगी नई कीमतें

Amul milk price hike: महंगाई से परेशान आम जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल (Amul) ने देशभर में अपने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि नई दरें 14 मई, 2026 की सुबह से प्रभावी होंगी। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक अमूल स्टैंडर्ड मिल्क, बफेलो मिल्क, गोल्ड, स्लिम एंड ट्रिम, ताजा, टी-स्पेशल और काउ मिल्क समेत कई प्रमुख वेरिएंट महंगे हो गए हैं। कीमतों में यह बढ़ोतरी लगभग 2.5% से 3.5% तक है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब लोग पहले से ही खाने-पीने की चीजों और ईंधन की बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं।

क्यों बढ़े दाम?

अमूल का संचालन करने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने बताया कि दूध उत्पादन की लागत लगातार बढ़ रही है। पशुओं के चारे, पैकेजिंग और ईंधन की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से कंपनी को दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा। कंपनी का कहना है कि बढ़ी हुई लागत का असर सीधे डेयरी कारोबार पर पड़ रहा था, इसलिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था।

घर के बजट पर पड़ेगा असर

दूध हर घर की रोजमर्रा की जरूरत है। ऐसे में कीमत बढ़ने का असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। खासकर उन परिवारों का खर्च बढ़ सकता है, जहां रोजाना ज्यादा मात्रा में दूध का इस्तेमाल होता है। विशेषज्ञों का मानना है कि दूध महंगा होने से चाय, कॉफी, मिठाई और डेयरी उत्पादों की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।

पहले भी बढ़ चुके हैं दाम

यह पहली बार नहीं है जब अमूल ने दूध के दाम बढ़ाए हैं। पिछले कुछ वर्षों में बढ़ती महंगाई और उत्पादन लागत के कारण कंपनी कई बार कीमतों में बदलाव कर चुकी है। हालांकि कंपनी का कहना है कि मौजूदा बढ़ोतरी खाद्य महंगाई की औसत दर से कम है, लेकिन आम उपभोक्ताओं के लिए यह राहत वाली खबर नहीं मानी जा रही।

Related Articles

Back to top button