
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार महिलाओं को प्रदेश की प्रगति का सक्रिय भागीदार बनाने के लिए काम कर रही है। सरकार ने नारीशक्ति की सुरक्षा, सम्मान, पोषण, शिक्षा और आर्थिक स्वावलंबन के अवसरों का विस्तार किया है।
शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर मां महागौरी का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की विभिन्न पहलों का उल्लेख किया। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब हर मां स्वस्थ और सुरक्षित हो, हर बेटी को बेहतर पोषण और भविष्य मिले तथा प्रत्येक महिला सम्मान के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी सके।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 3 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की नींव रखने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि की गई है। इसे 3,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य बीमा का लाभ देकर स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण को मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है।
टेक होम राशन से महिलाओं को मिला रोजगार
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में बच्चों के पोषण से जुड़ी व्यवस्था माफिया के शिकंजे में थी। डबल इंजन सरकार बनने के बाद टेक होम राशन के उत्पादन और वितरण की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सौंपी गई। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का रास्ता खुला। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश में पोषण सेवाएं मजबूत हुई हैं और कुपोषण के खिलाफ लड़ाई को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिली है।
31 जिलों की चार लाख से अधिक महिलाएं दुग्ध उत्पादन से जुड़ीं
मुख्यमंत्री के मुताबिक, बलिनी, सामर्थ्य, काशी, बाबा गोरखनाथ और सृजनी जैसी दुग्ध उत्पादक कंपनियों से जुड़कर 31 जिलों की चार लाख से अधिक महिलाएं दुग्ध उत्पादन को आय और उद्यमिता का माध्यम बना रही हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
बीसी सखी और स्वयं सहायता समूहों से बढ़ी आत्मनिर्भरता
सीएम योगी ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में बीसी सखी पहल ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को भी बढ़ावा दिया है। प्रदेश में 1 करोड़ 20 लाख से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी पहल के माध्यम से महिलाएं अपने हुनर और मेहनत को नियमित आय में बदलकर परिवार की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि में योगदान दे रही हैं।
सीएम योगी बोले- सशक्त नारी, समृद्ध उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने महाअष्टमी पर मां महागौरी की आराधना करते हुए कहा कि मां महागौरी शांति, पवित्रता और करुणा की प्रतीक हैं। उनकी कृपा से प्रदेश में नारीशक्ति का जीवन सुरक्षा, सम्मान, सामर्थ्य और समृद्धि से आलोकित हो रहा है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “सशक्त नारी, समृद्ध उत्तर प्रदेश।”




