उत्तर प्रदेश

वाराणसी में CM योगी का सख्त निर्देश: दालमंडी सड़क चौड़ीकरण और भूमि अधिग्रहण में लाएं रफ्तार, माफिया-गुंडों पर कसा शिकंजा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचकर सर्किट हाउस सभागार में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण से जुड़े भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, इससे संबंधित न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि काशी की वैश्विक छवि के अनुरूप विकास और व्यवस्था दोनों में कोई ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।

सीएम योगी ने सीवरेज और पेयजल व्यवस्था पर नगर निगम व जलनिगम को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को हर हाल में शुद्ध पेयजल मिले। सड़कों पर अनावश्यक जाम रोकने के लिए वेंडिंग जोन बनाकर रिक्शा-ठेलों को व्यवस्थित करने, उपयुक्त स्थानों पर पार्किंग विकसित करने और अवैध टैक्सी/बस/रिक्शा स्टैंड को हटाने के निर्देश भी दिए।

नाविकों से संवाद बढ़ाने, वरुणा नदी पुनरोद्धार में आवश्यक कार्रवाई, घाटों पर अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अराजकता पर सख्ती के निर्देश दिए गए। ठंड को देखते हुए रैनबसेरों में कंबल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। साइबर अपराधों पर लगाम के लिए साइबर थाना व हेल्पडेस्क को सक्रिय करने और अवैध कब्जाधारियों, माफिया, पेशेवर गुंडों व चेन स्नेचरों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि 2014–2025 के बीच 35,155 करोड़ रुपये के 486 प्रोजेक्ट पूरे हुए हैं, जबकि 17,915 करोड़ के 128 प्रोजेक्ट प्रगति पर हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था, यातायात और साइबर अपराधों पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी।

Related Articles

Back to top button