
Israel US Iran War: ईरान से जंग के 24वें दिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है। ट्रंप ने कहा है कि शक्ति से ही शांति आती है। उन्होंने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, “PEACE THROUGH STRENGTH, TO PUT IT MILDLY!!!” यानी आसान शब्दों में कहें तो शक्ति से ही शांति आती है। उनकी यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है।
होर्मुज पर ट्रंप के अल्टीमेटम से ईरान बेफिक्र
ट्रंप ने यह बयान तब दिया है, जब इससे पहले उन्होंने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जिसमें उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि जलडमरूमध्य बंद रहा तो अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमला करेगा। इसके बाद अब ट्रंप की यह पोस्ट सामने आई है, जिसमें उन्होंने कहा है कि शांति ताकत से हासिल होती है, कमजोरी से नहीं। कई विश्लेषकों का मानना है कि यह पोस्ट ईरान को सीधी चेतावनी है, खासकर तब जब ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने जवाबी हमले की धमकी दी है।
ईरान ने दिया है ट्रंप की धमकी का करारा जवाब
ईरान ने ट्रंप की धमकी का करारा जवाब दिया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) ने कहा कि यदि आप हमारे बिजली संयंत्रों पर हमला करेंगे तो हम अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बिजली सप्लाई करने वाले क्षेत्रीय बिजली संयंत्रों और इजरायल को “कब्जा करने वाला शासन” कहते हुए उसके ढांचों पर निशाना साधेंगे। ईरान ने कहा कि हम बिजली नेटवर्क को ही खत्म कर देंगे।




