
उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी गतिविधियों को तेज कर दिया है। राज्य में जीत की हैट्रिक लगाने की रणनीति पर काम करते हुए पार्टी ने अपनी पहली सूची के तहत 209 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए हैं। खास बात यह है कि ये सभी नाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहमति के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए हैं, जिन्हें अब मंजूरी के लिए लखनऊ से केंद्रीय नेतृत्व के पास दिल्ली भेज दिया गया है।
ए-श्रेणी की सीटों पर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज
बीजेपी ने उन सीटों को प्राथमिकता दी है जिन्हें पार्टी संगठन के लिहाज से बेहद मजबूत (ए-श्रेणी) माना जाता है। उत्तर प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 209 सीटों पर नामों को अंतिम रूप दिए जाने का मतलब है कि पार्टी ने चुनाव की घोषणा से पहले ही अपने लगभग आधे उम्मीदवारों का होमवर्क पूरा कर लिया है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व से इन नामों पर हरी झंडी मिलते ही संबंधित उम्मीदवारों को उनके क्षेत्रों में सक्रिय होने के निर्देश दे दिए जाएंगे, ताकि वे जनसंपर्क और चुनावी तैयारियों के लिए पर्याप्त समय पा सकें। इस बार बीजेपी उत्तर प्रदेश में ‘300 पार’ का लक्ष्य लेकर मैदान में उतर रही है, जिसके तहत जमीनी स्तर पर मजबूत चेहरों को उतारने की रणनीति पर काम चल रहा है।




