
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देशवासियों को संविधान दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारा संविधान मजबूत हो। संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाया जाना चाहिए। हमारा संविधान जितना मजबूत होगा लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा। बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर ने जो संविधान दिया हैं वह सोशलिज्म का रास्ता दिखाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जब से सत्ता में आयी हैं, वह बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के बनाए संविधान को कमजोर कर रही है। भाजपा ने संविधान को सबसे ज्यादा ठेस पहुंचाया है। वह लोकतंत्र पर हमला कर रही है। भाजपा संविधान से सोशलिस्ट और सेकुलर शब्द हटाना चाहती है। भाजपा सरकार में न सोशलिस्ट बचा है और सेकुरिज्म बचा है। एसआईआर लाकर लोकतंत्र को खतरा पैदा कर दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहब के संविधान को नहीं मानती है। हमें अपने संविधान को हर हाल में बचाना है। संविधान हमारे अधिकारों की रक्षा करता है। संविधान से आरक्षण मिला हुआ है। संविधान हम सबकी ढाल है। भाजपा संविधान में दिए गए वोट के अधिकार का खत्म करना चाहती है। भाजपा पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में एसआईआर के माध्यम से वोट काटने की साजिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग उत्तर प्रदेश में करोडों़ लोगों का वोट काटने के प्रयास में है और करोड़ों लोगों को वोट के अधिकार से वंचित करना चाहती है। यूपी में करोड़ो लोगों का वोट षडयंत्र के तहत अधिकारियों के माध्यम से काटने की साजिश हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए से घबराई हुई है। हर पीड़ित, दुखी और अपमानित व्यक्ति समाजवादी पार्टी के साथ है। पीडीए के लोग पीडीए के साथ रहकर पीडीए की सरकार बनाने जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि मतदाता सूची नयी बन रही है। एसआईआर हो रहा है। एसआईआर के लिए समय बढ़ाया जाना चाहिए। लोगों को वोट बनवाने और सही तरीके से फार्म भरने के लिए तीन महीने का समय और मिले।
एसआईआर की प्रक्रिया में सरकार अधिकारियों और बीएलओ पर दबाव बना रही है। दबाव में बीएलओ की जान जा रही है। गोण्डा में एक यादव बिरादरी के अध्यापक और फतेहपुर में कोरी समाज के बीएलओ की जान चली गयी। एक सवाल के जवाब में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार डिटेंशन सेन्टर इसलिए बना रही है जिससे जनता इनको 2027 में डिटेंशन सेंटर भेज सके।




