उत्तर प्रदेश

लखनऊ में लगा खेलों का महाकुंभ, 579 प्रतिभागी दिखाएंगे दम

लखनऊ। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा पहली बार आयोजित राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ शुक्रवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्वलन, ध्वजारोहण, मार्च पास्ट की सलामी और प्रतिभागियों के शपथ ग्रहण के साथ प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत हुई।

इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि विभाग का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण के साथ युवाओं को खेलों से जोड़कर उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आईटीआई संस्थानों में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे विद्यार्थी शारीरिक रूप से सशक्त और मानसिक रूप से आत्मविश्वासी बन सकें।

उन्होंने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीत और हार जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन निरंतर प्रयास ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने बताया कि पहली बार आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से 579 प्रतिभागी (271 महिला और 308 पुरुष) भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी व ऊंची कूद, शॉटपुट, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी और खो-खो सहित कुल 13 खेलों में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता 22 फरवरी तक चलेगी।

Related Articles

Back to top button