
प्रदेश में बाल पोषण को लेकर योगी सरकार ने जिस गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम किया है, उसने देशभर में एक नई मिसाल कायम की है। पोषण 2.0 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को ताजा, गर्म और संतुलित भोजन (हॉट कुक्ड मील) उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में यह व्यवस्था लगभग 36 लाख बच्चों तक पहुंच चुकी है, जो अपने आप में देश का एक बड़ा और प्रभावी पोषण अभियान बन गई है।
यह पहल केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं रखी गई, बल्कि इसे प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और समग्र विकास की रणनीति से जोड़ा गया। सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि प्रत्येक पात्र बच्चे को नियमित रूप से पौष्टिक, स्वच्छ और गर्म भोजन मिले, जिससे कुपोषण, एनीमिया और विकास संबंधी बाधाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
हॉट कुक्ड मील योजना के तहत 3–6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को माह में 25 दिन और वर्ष में 300 दिन अनुपूरक पुष्टाहार दिया जा रहा है। इसके लिए प्रति लाभार्थी प्रतिदिन ₹4.50 की दर से व्यय निर्धारित किया गया है। योगी सरकार ने पारदर्शी और जवाबदेह प्रणाली से लागू करते हुए यह सुनिश्चित किया है कि धनराशि का वास्तविक लाभ सीधे बच्चों तक पहुंचे।




