उत्तर प्रदेश

ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद शोकसभा: बाराबंकी में शिया समुदाय ने जताया शोक, घरों पर लगाए काले झंडे

बाराबंकी। अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में बाराबंकी जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किए गए और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। बड़ी संख्या में लोगों ने अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारेबाजी की, घरों पर काले झंडे लगाए और मोमबत्तियां जलाकर खामेनेई को श्रद्धांजलि दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाराबंकी शहर स्थित कर्बला में रविवार शाम बड़ी संख्या में शिया समुदाय के पुरुष और महिलाएं इकट्ठा हुए और अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले को मानवता पर आक्रमण करार देते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि बाद में लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर खामेनेई को खिराज-ए-अकीदत (श्रद्धांजलि) पेश की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

वहीं, बदोसराय कस्बे की एक मस्जिद में शोकसभा आयोजित की गई, जहां वक्ताओं ने ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल की सैन्य कार्रवाई को अनुचित करार देते हुए विश्व शांति की अपील की। सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और खामेनेई की मगफिरत (गुनाहों की माफी) के लिए दुआ की गई।

Related Articles

Back to top button