
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली पर्व से पहले शनिवार को प्रदेश के किसानों और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत देते हुए कुल 460 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस राशि में फसल बीमा योजना के तहत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 3500 लाभार्थी परिवारों को 175 करोड़ रुपये प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल बीमा योजना के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को आर्थिक संबल दिया जा रहा है, जबकि कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के जरिए दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में आपदा प्रबंधन की पहली कड़ी ‘आपदा मित्र’ हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए इस अभियान को उत्तर प्रदेश ने प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के 25 जिलों में एनसीसी, एनएसएस, एनवाईकेएस और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स से जुड़े 29,772 युवा स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दिया गया है। इन युवाओं को आपदा प्रबंधन, राहत और बचाव कार्यों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत सहायता पहुंचा सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार ने आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए एक मजबूत और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित किया है, जिससे किसी भी प्राकृतिक या आकस्मिक आपदा के दौरान संगठित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सरकार के इस कदम को किसानों और आपदा प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।




