
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव के PDA रथ के भगवा रंग को लेकर ओपी राजभर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह रंग सपा के पुराने राजनीतिक इतिहास की याद दिला रहा है।
भगवा रंग बता रहा है कि सावधान रहो
मंत्री ओपी राजभर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “उनका भगवा रंग यह बता रहा है कि सावधान रहो, हम राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले लोग हैं। हम नकली रंग लेकर घूम रहे हैं।” इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के लोग सत्ता में रहते हुए कुछ और करते थे और अब अलग रंग-रूप के साथ सामने आ रहे हैं।
सपा सरकार में गुंडा-माफिया खुले घूमते थे
मंत्री ओपी राजभर ने पूर्व की सपा सरकार को लेकर कहा कि उस समय गुंडा-माफिया खुलेआम घूमते थे और गैंगवार की घटनाएं होती थीं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में बड़े माफिया या तो जेल में हैं या मिट्टी में मिल गए हैं।
योगी राज में अपराध पर बड़े पैमाने पर लगा विराम
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लूट, डकैती, छिनैती और हत्या जैसी घटनाएं होती थीं। उनके मुताबिक, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में इन घटनाओं पर बड़े पैमाने पर विराम लगा है। ओपी राजभर का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में PDA, भगवा रंग और कानून-व्यवस्था को लेकर सपा और भाजपा गठबंधन के नेताओं के बीच बयानबाजी जारी है।




