देश

नीतीश कुमार की सुरक्षा में चूक, हेलीपैड एरिया में घुसी गाय ने मचाया उत्पात

बेगूसराय: बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज बेगूसराय आने वाले हैं। उनके बेगूसराय आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। हालांकि प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा के दावे के बीच बेगूसराय के बरौनी से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरी सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह न सिर्फ मजाक का विषय बनकर रहा है बल्कि सीएम की सुरक्षा से जुड़ा मामला भी बन गया है। यहां बरौनी स्थित बियाडा कैंपस में मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरने से कुछ देर पहले ही एक गाय हेलीपैड के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गई, जिससे वहां मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।

नीतीश कुमार का बेगूसराय में कार्यक्रम

दरअसल, ​मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेगूसराय में होने वाले कार्यक्रम को लेकर बियाडा (BIADA) कैंपस में हेलीपैड तैयार किया गया था। उनके आगमन से पहले चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। प्रशासनिक अमला मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के आने का इंतजार कर रहा था। तभी अचानक एक गाय बैरिकेडिंग को चकमा देते हुए सीधे हेलीपैड के बीचों-बीच पहुंच गई। अचानक गाय के आने से इलाके में ​अफरा-तफरी का माहौल ​हो गया। कुछ ही देर में गाय हेलीपैड पर दौड़ने लगी, जिसका भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सामने आया वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि गाय को वहां से हटाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी गाय के डर से आगे भागते दिख रहे हैं, तो कुछ उसे खदेड़ने के लिए पीछे दौड़ रहे हैं। ​यह घटना उस समय हुई जब प्रोटोकॉल के तहत इलाके को पूरी तरह ‘नो-गो जोन’ घोषित किया जाना चाहिए था। गनीमत रही कि यह घटना मुख्यमंत्री के लैंड करने से पहले हुई, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इस चूक के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा और बैरिकेडिंग के बावजूद मवेशी हेलीपैड तक कैसे पहुंच गया।

Related Articles

Back to top button