देशबड़ी खबर

कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल की बैठक में नेता चुने गए डीके शिवकुमार, बुधवार शाम को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

बेंगलुरूः कांग्रेस विधायक दल की बैठक में डीके शिवकुमार को नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही डीके का मुख्यमंत्री बनने का रास्ता अब साफ हो गया है। पूर्व सीएम सिद्दारमैया ने डीके के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी.वेणुगोपाल और पार्टी के कर्नाटक मामलों के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में यह बैठक हुई। दोनों नेता बैठक के लिए शनिवार सुबह बेंगलुरु पहुंचे। पार्टी विधायक दल की बैठक से पहले शिवकुमार ने यहां एक होटल में वेणुगोपाल और सुरजेवाला से मुलाकात की। इससे पहले सिद्दारमैया ने CLP लीडर के पद से इस्तीफा दे दिया था।

तीन जून को सीएम पद की शपथ लेंगे डीके शिवकुमार

जानकारी के मुताबिक, डीके शिवकुमार लोकभवन में बुधवार 3 जून को शाम 4 बजकर 5 मिनट पर मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। वह लोकभवन के ग्लास हाउस में सादे समारोह में सीएम पद की शपथ लेंगे। इससे पहले विधान सभा के ग्रांड स्टेप्स पर शपथ लेने की चर्चा थी, लेकिन भीड़ और ट्रैफिक समस्या को ध्यान में रखते हुए लोकभवन के अंदर ही शपथ लेने का निर्णय लिया गया है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और मंत्रिपरिषद को भंग कर दिया था।

सरकार बनाने का दावा पेश करने राज्यपाल के पास जाएंगे

शिवकुमार ने दिन में लोक भवन में राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की थी। विधायक दल की बैठक के बाद वह सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। सिद्धारमैया ने 28 मई को कर्नाटक के सीएम पद से इस्तीफ़ा दे दिया था। सिद्धारमैया ने इस्तीफ़ा देते हुए कहा था कि उनका इस्तीफ़ा अपनी मर्ज़ी और पार्टी आलाकमान के सुझाव पर आधारित था। इससे पहले, शिवकुमार ने नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाक़ात की थी।

Related Articles

Back to top button