देशबड़ी खबर

हिमाचल में बड़ा हादसा: चलती टैक्सी पर गिरी चट्टानें, 13 लोगों की मौत

शिमला। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। उदयपुर-पांगी मार्ग पर पहाड़ी से अचानक विशाल चट्टानें गिरने से एक टैक्सी उनकी चपेट में आ गई। हादसे के समय वाहन में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से 13 की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो लोग वाहन से बाहर कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

पुलिस के अनुसार, कुल्लू से किलाड़ जा रही टैक्सी पर अचानक भारी चट्टानें गिरने से वाहन पूरी तरह मलबे के नीचे दब गया। हादसे के बाद वाहन के पिछले हिस्से में आग भी लग गई। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों और सेना के जवानों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए आग बुझाने का प्रयास किया।

प्रशासन ने बताया कि मृतकों में छह महीने का एक शिशु भी शामिल है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त और आग की लपटों से घिरा दिखाई दे रहा है।

भरमौर के विधायक जनक राज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में सवार 15 लोगों में से 13 की मौत हो गई, जबकि दो लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे।

Related Articles

Back to top button