
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने जदयू विधायक अनंत सिंह से मिलने की इच्छा जताई है। उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह वीडियो कॉल पर अनंत सिंह से बात कर रहे हैं। एक अन्य व्यक्ति भी कॉल पर है, जो दोनों की बातचीत करा रहा है। इस दौरान सोनू सूद अनंत सिंह से कहते हैं, ‘मुंबई आइए ना हमारे पास।’ इसके जवाब में अनंत सिंह कहते हैं कि वह आएंगे। इसके बाद सोनू सूद कहते हैं, ‘मैं भी आऊंगा आपके पास, लिट्टी चोखा खाने आपके घर।’
अनंत सिंह और बॉलीवुड एक्टर के बीच वीडियो कॉल पर हुई बातचीत रिकॉर्ड कर ली गई और अब इसका वीडियो सामने आया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
बाहुबली नेता हैं अनंत सिंह
अनंत सिंह बिहार के मोकामा से आते हैं। वह बाहुबली नेता हैं। फिलहाल अनंत सिंह जदयू विधायक हैं, लेकिन इससे पहले वह अलग-अलग दलों से विधायक रह चुके हैं। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भी अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगा था। जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर हत्या का आरोप लगा था। मुख्य साजिशकर्ता होने के नाते अनंत सिंह जेल के अंदर गए थे। इसके बाद मतदान हुए और उन्होंने प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की। अब अनंत सिंह को जमानत भी मिल चुकी है। इससे पहले भी अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं, लेकिन उनके परिवार का सियासी दबदबा कायम रहा है।
अब चुनाव नहीं लड़ेंगे
अनंत सिंह ने यह भी साफ कर दिया है कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने बताया था कि नीतीश कुमार अब बिहार के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। ऐसे में उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है।




