
ईरान, अमेरिका और इजरायल युद्ध का असर अब भारत पर दिखने लगा है। इसको लेकर अब भारत सरकार अलर्ट मोड पर है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला और जरूरी वस्तुओं की घरेलू उपलब्धता की समीक्षा को लेकर आज मंत्रियों के समूह (IGoM) की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में देश में आवश्यक वस्तुओं और ऊर्जा आपूर्ति पर संभावित जोखिमों का आकलन किया गया।
सरकार कर रही सराहनीय काम
इस बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सभी जरूरी चीजों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सराहनीय काम कर रही है।’
राजनाथ सिंह ने की जनता से खास अपील
राजनाथ सिंह ने कहा, ‘मैं लोगों से शांत रहने और किसी भी तरह की घबराहट से बचने का आग्रह करता हूं, क्योंकि सरकार आपूर्ति श्रृंखलाओं में कमी या रुकावटों को रोकने के लिए ठोस कदम उठा रही है।’
मुश्किल वैश्विक दौर में पीएम मोदी का संदेश
इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘वैश्विक रुकावटों और चुनौतियों का सामना करने में देश की मदद के लिए लोगों की सामूहिक भागीदारी की पीएम मोदी ने अपील की है। ये आत्मनिर्भरता और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी। यह एक मुश्किल वैश्विक दौर में संरक्षण के बारे में पीएम मोदी का एक व्यापक संदेश है।’




