उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

UPSC की तैयारी कर रही युवती से लखनऊ में गैंगरेप, परिचित ने ट्रेन से उतारा और नशे में धुत करने के बाद 2 दोस्तों के साथ मिलकर की दरिंदगी

यूपी की राजधानी लखनऊ में एक सनसनीखेज केस सामने आया है, जहां UPSC की तैयारी कर रही एक युवती का कथित रूप से उसके परिचित ने ही 2 दोस्तों के साथ मिलकर गैंगरेप कर दिया। लखनऊ पुलिस ने ये मामला सामने आने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश कर रही है। जानें ये पूरा मामला क्या है।

लखनऊ की सुशांत गोल्फ सिटी में हुआ गैंगरेप

बता दें कि ये घटना लखनऊ की सुशांत गोल्फ सिटी में हुई है। जहां युवती का एक परिचित ने अपने 2 दोस्तों के साथ मिलकर गैंगरेप किया है। युवती, दिल्ली में UPSC की तैयारी करती है। युवती ने दिल्ली के आनंद विहार जीआरपी में ये केस दर्ज कराया है, जहां जीरो FIR दर्ज होने के बाद केस, लखनऊ पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद लखनऊ में सुशांत गोल्फ सिटी थाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

नशीला पदार्थ पिलाने के बाद की दरिंदगी

पुलिस के मुताबिक, युवती छुट्टी में अपने घर जौनपुर में आई थी और ट्रेन में सवार होकर जौनपुर से दिल्ली वापस जा रही थी। इसी दौरान, लखनऊ में उसके एक परिचित, जिसे वह पिछले 5 साल से जानती थी, ने उसे ट्रेन से उतार लिया और सुशांत गोल्फ सिटी में अपने घर पर ले गया। इसके बाद, उसने युवती को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और अपने 2 दोस्तों के साथ मिलकर गैंगरेप किया। अब पुलिस की 5 टीमें तीनों आरोपियों  की तलाश कर रही हैं।

22 मई को लखनऊ पुलिस को मिली खबर

इस मामले पर एसीपी रत्नपल्ली वसन्थ कुमार ने कहा कि बीते 22 मई को दिल्ली के आनंद विहार पुलिस स्टेशन ने लखनऊ की महिला अपराध एवं सुरक्षा मुख्यालय को एक सूचना दी कि दिल्ली में एक जीरो FIR दर्ज की गई है जिसमें पीड़िता ने यह बताया है कि उनके साथ कुछ लोग जो पहले से परिचित हैं, ने सुशांत गोल्फ सिटी थाना इलाके में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद, उनके साथ गलत कार्य किया।

शिवम, सन्नी और एक अज्ञात है मामले में आरोपी

उन्होंने आगे कहा कि मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत ही उस जीरो एफआईआर के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी में सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया। इस मामले में तीन आरोपी हैं। उनमें से एक का नाम शिवम यादव और दूसरे का सन्नी यादव है। तीसरा आरोपी अज्ञात है जो इन्हीं का दोस्त है।

जौनपुर के एक ही गांव के रहने वाले हैं पीड़िता और आरोपी

एसीपी ने बताया कि पीड़िता के परिवार से पूछताछ करने के बाद यह सामने आया है कि पीड़िता और आरोपी पहले से परिचित हैं। ये दोनों जौनपुर के एक ही गांव के रहने वाले हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 टीमें गठित की गई हैं और संभावित जगहों पर दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button