मनोरंजन

‘बिग बॉस 20’ में होगा बड़ा बदलाव, सलमान खान ने बताया- ‘एक्स्ट्रा जीवनदान से बदलेगा गेम’

सलमान खान एक बार फिर छोटे पर्दे के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के नए सीजन के साथ वापसी करने के लिए तैयार हैं। ‘बिग बॉस सीजन 20’ को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है। अब मेकर्स ने शो का नया प्रोमो जारी कर इस सीजन के खास ट्विस्ट की झलक भी दिखा दी है। इस बार शो में ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ का कॉन्सेप्ट पेश किया जा रहा है, जो कंटेस्टेंट्स के गेम और घर में टिके रहने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है।

नए सीजन के प्रोमो में सलमान खान ने भी इस नए ट्विस्ट को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया कि ‘बिग बॉस’ में हर साल गेम के नियम और अंदाज में बदलाव देखने को मिलता है, लेकिन इस बार सिर्फ गेम ही नहीं, बल्कि इसे खेलने का तरीका भी बदलने वाला है।

सलमान खान ने कहा, ”बिग बॉस में हर साल गेम बदलता है। इस बार सिर्फ गेम नहीं, खेलने का तरीका भी बदलने वाला है। ‘जीवनदान’ सुनने में जितना सीधा लगता है, उतना है नहीं। बाकी, घर के अंदर पता चल ही जाएगा।”

सलमान के इस बयान ने शो के नए ट्विस्ट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शो के नए प्रोमो की झलक साझा की। शो का प्रोमो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ”सभी घरवालों के लिए दो जिंदगियों का वरदान। मेरी जान, ‘बिग बॉस’ 6 सितंबर से जियो हॉटस्टार और कलर्स टीवी पर शुरू हो रहा है।”

प्रोमो की शुरुआत एक अखाड़े जैसे माहौल में दो योद्धाओं के बीच जबरदस्त टकराव से होती है। दोनों के बीच मुकाबला काफी आक्रामक नजर आता है और माहौल लगातार तनावपूर्ण होता जाता है। इसी दौरान सलमान खान की दमदार एंट्री होती है। वह शो के इस सीजन के सबसे बड़े ट्विस्ट यानी कंटेस्टेंट्स के लिए मिलने वाले अतिरिक्त ‘जीवनदान’ का खुलासा करते हैं।

प्रोमो से संकेत मिलता है कि इस बार घर में शामिल होने वाले कंटेस्टेंट्स को गेम में बने रहने का एक एक्स्ट्रा मौका मिल सकता है। यानी किसी कंटेस्टेंट के सामने ऐसी स्थिति आने पर, जहां उसका सफर खत्म होने वाला हो, वहां ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ उसकी किस्मत बदल सकता है।

हालांकि, मेकर्स ने अभी यह साफ नहीं किया है कि यह जीवनदान सभी कंटेस्टेंट्स को मिलेगा या इसे हासिल करने के लिए उन्हें कोई टास्क या शर्त पूरी करनी होगी, या फिर ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ का इस्तेमाल कब और किस परिस्थिति में किया जा सकेगा। ऐसे में फिलहाल इस ट्विस्ट को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। क्या यह जीवनदान नॉमिनेशन के दौरान काम आएगा? क्या किसी टास्क के जरिए इसे हासिल किया जा सकेगा? या फिर बिग बॉस खुद किसी खास मौके पर कंटेस्टेंट को इसका फायदा देंगे? इन सभी सवालों के जवाब शो के प्रीमियर के बाद ही सामने आएंगे।

‘बिग बॉस सीजन 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर को होगा। सलमान खान एक बार फिर शो को होस्ट करते नजर आएंगे। यह शो कलर्स पर प्रसारित होगा और जियोटीवी हॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button