
उप्र. के आबकारी विभाग ने राजस्व वसूली और प्रवर्तन कार्यों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने जानकारी दी कि विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रारंभिक माह में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की है।
आबकारी मंत्री के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में मार्च 2026 तक कुल 57,722.26 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की समान अवधि के 52,573.07 करोड़ रुपये की तुलना में 9.79 प्रतिशत (5,149.19 करोड़ रुपये) अधिक है।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के अप्रैल 2026 में 5,248.06 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो अप्रैल 2025 के 4,319.46 करोड़ रुपये के मुकाबले 21.50 प्रतिशत (928.60 करोड़ रुपये) अधिक है। यह निर्धारित लक्ष्य 5,200 करोड़ रुपये से भी 0.92 प्रतिशत अधिक है।
अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई
आबकारी विभाग ने अवैध शराब के विरुद्ध भी व्यापक अभियान चलाया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मार्च 2026 तक कुल 1,18,978 अभियोग दर्ज किए गए, जिनमें 30.94 लाख लीटर अवैध मदिरा/मादक द्रव्य बरामद किया गया। इस दौरान 21,446 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 3,967 लोगों को जेल भेजा गया। साथ ही अवैध तस्करी में प्रयुक्त 152 वाहनों को जब्त किया गया।
अप्रैल 2026 में भी कार्रवाई जारी
माह अप्रैल 2026 में भी विभाग की कार्रवाई जारी रही। इस दौरान 9,535 अभियोग दर्ज किए गए और 2.55 लाख लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई। इसके साथ ही 1,516 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, 214 को जेल भेजा गया तथा 8 वाहनों को जब्त किया गया।




