देशबड़ी खबर

तरबूज में मिला चूहा मारने का जहर, विसरा रिपोर्ट आई सामने; मुंबई में 4 लोगों की मौत मामले में बड़ा खुलासा

मुंबई के पायधुनी में तरबूज खाने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। चारों सदस्यों की विसरा रिपोर्ट आ गई है जिसमें तरबूज के अंदर केमिकल एनालिसिस के दौरान जिंक फॉस्फाइड ( चूहे मारने की दवा बनाने में उपयोग होता है) मिलने का जिक्र है। हालांकि तरबूज में जिंक फॉस्फाइड कहां से आया, यह पुलिस की जांच में सामने आएगा।

क्या है विसरा जांच?

बता दें कि विसरा जांच के लिए मृतक के पेट के भीतर से सैंपल लिया जाता है। इससे यह साफ होता है कि मामला जहरीले पदार्थ से तो जुड़ा हुआ है या नहीं। मृतकों ने जिस तरबूज का सेवन किया था, विसरा जांच में तरबूज के अंदर जिंक फॉस्फाइड मिला है। इससे पहले मामले में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की प्राथमिक जांच में खाने में कोई भी हानिकारक पदार्थ नहीं मिला था।

जानें पूरा मामला

यह मामला 26 अप्रैल को सामने आया, जब 40 वर्षीय अब्दुल्ला दोकाडिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने डॉक्टरों को बताया था कि उन्होंने और उनके परिवार के सदस्यों पत्नी नसरीन (35) और बेटियां आयशा (16) व जैनब (13) ने पहले बिरयानी खाई और फिर तरबूज। इसके बाद अचानक तबीयत बिगड़ी। बाद में चारों की मौत हो गई। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू की।

कब-क्या हुआ?

  • 25 अप्रैल को परिवार को चार लोगों ने अपने 5 अन्य रिश्तेदारों के साथ रात 10:30 बजे खाना खाया था। बाकी करीबी रिश्तेदार बाद में अपने-अपने घर लौट गए।
  • रात में 1:00 से 1:30 बजे के बीच चारों मृतक सदस्यों ने तरबूज खाया।
  • इसके बाद रविवार सुबह 5:30 से 6 बजे के बीच, चारों में उल्टी और दस्त (लूज मोशन) के लक्षण दिखाई देने लगे।
  • परिवार ने अपने फैमिली डॉक्टर से सलाह ली और फिर उन्हें जे.जे. अस्पताल रेफर कर दिया गया।
  • अस्पताल में सुबह 10:15 बजे छोटी बेटी की मौत हो गई।
  • सबसे आखिर में रविवार रात 10:30 बजे परिवार के मुखिया अब्दुल्ला डोकाडिया की भी मौत हो गई।

Related Articles

Back to top button