उत्तर प्रदेश

KGMU : कुलसचिव से मिला प्रोविंशियल फिजियोथेरेपिस्ट एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल, पदोन्नति से जुड़ा है मामला

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की कुलसचिव से आज यानी मंगलवार को प्रोविंशियल फिजियोथेरेपिस्ट संगठन के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री अतुल मिश्रा के नेतृत्व में कुल सचिव से मुलाकात करने पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने केजीएमयू में कार्यरत फिजियोथेरेपिस्ट की पदोन्नति व अन्य समस्याओं को लेकर वार्ता की है।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री अतुल मिश्रा ने बताया कि कुलसचिव अर्चना गहरवार के साथ विस्तृत वार्ता हुयी। उन्होंने बताया कि केजीएमयू में फिजियोथेरेपिस्ट संवर्ग का कैडर पुनर्गठन 30 मई 2022 में हुआ था । जिसके उपरांत प्रशासन ने 2 नवम्बर 2023 में पदोन्नति की परंतु फ़िजियोथेरेपिस्टों की पदोन्नति पूर्व की सेवाओ को देखते हुए चीफ फिजियोथेरेपिस्ट पर नहीं की गई, बल्कि सीनियर के पद पर की गई। जिससे 25 वर्षों से कार्यरत फिजियोथेरेपिस्ट को आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। जबकि उसी संस्थानों में कार्यरत अन्य संवर्गों में सर्वोच्च पदों पर पदस्थापित किया गया है।

अतुल मिश्रा ने कुलसचिव से अनुरोध किया कि पत्रावली शीघ्र शासन को भेज दी जाए। जिससे वांछित लाभ समय से प्राप्त हो सके। इसके अलावा अन्य समस्याओं पर सम्पन्न हुयी वार्ता पर भी कुलसचिव का सकारात्मक दृष्टिकोण रहा और उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं के निस्तारण व पदोन्नति पर अतिशीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर पत्रावली शासन को प्रेषित कर दी जाएगी ।

उल्लेखनीय हैं कि कुलपति द्वारा पत्रावली अनुमोदन कर कुलसचिव के समक्ष भेज दी गई है । जिससे पत्रावली शासन को भेजी जा सके। वार्ता के दौरान प्रोविंशियल फिजियोथेरेपिस्ट एसोसिएशन (पीपीए) केजीएमयू के अध्यक्ष डॉ. मन्सूर अहमद खान, उपाध्यक्ष डा, तेजवीर सिंह, डा के के चौधरी , डा फैज अहमद, डॉ प्रणय सिंह मंत्री ,संयुक्त मंत्री डा श्रद्धा एवं डा. विशाल उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button