
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश भर में 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने मंगलवार को लखनऊ में पार्क रोड स्थित शिविर कार्यालय में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया, जिससे सभी परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके अलावा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 और 18001806608 जारी किए गए हैं।
इसके अलावा यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के हेल्पलाइन नंबर 18001805310 और 18001805312 भी उपलब्ध रहेंगे। वहीं निर्धारित 8033 परीक्षा केंद्रों में 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।
परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रदेश के 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। साथ ही 222 परीक्षा केंद्रों को अति संवेदनशील और 683 केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के लिए प्रत्येक कक्ष में वॉयस रिकॉर्डर युक्त दो सीसीटीवी कैमरे, राउटर, डीवीआर और हाई स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था की गई है।
इसके माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की वेबकास्टिंग कर लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए 8033 केंद्र व्यवस्थापक, 8033 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, 8033 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 427 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 69 मंडलीय एवं 440 जनपदीय सचल दल तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा प्रश्नपत्रों के अतिरिक्त रिजर्व सेट्स की व्यवस्था भी की गई है, जिन्हें सुरक्षित डबल लॉक अलमारी में सीलबंद रखा जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं पर माध्यमिक शिक्षा परिषद का लोगो और सूक्ष्म रूप में UPMSP अंकन होगा, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। इस वर्ष पहली बार यूपी संस्कृत शिक्षा परिषद परीक्षा की भी ऑनलाइन मॉनिटरिंग राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से की जाएगी।
साथ ही ‘उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024’ लागू किया गया है, जिसके तहत नकल या अन्य अनुचित साधनों के प्रयोग पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर राज्यमंत्री गुलाब देवी ने सभी परीक्षार्थियों को आत्मविश्वास और तनावमुक्त होकर परीक्षा देने की शुभकामनाएं दीं तथा अधिकारियों और शिक्षकों से भी छात्रों को सकारात्मक माहौल प्रदान करने की अपील की है।




