कारोबार

IIFL फाइनेंस ने 2 हजार करोड़ रुपये तक के एनसीडी इश्यू किए, नौ प्रतिशत तक रिटर्न

लखनऊ। देश की प्रमुख नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (एनबीएफसी) आईआईएफएल फाइनेंस लिमिटेड ने रिडीमेबल नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (एनसीडी) का पब्लिक इश्यू जारी किया है, जो मंगलवार से खुल गया है। इश्यू का बेस साइज 500 करोड़ रुपये है, जबकि 1,500 करोड़ रुपये तक के ओवरसब्सक्रिप्शन के लिए ग्रीन-शू विकल्प रखा गया है।

इस प्रकार कुल इश्यू साइज दो हजार करोड़ रुपये तक हो सकता है। कंपनी ने कहा है कि इस राशि का उपयोग व्यवसाय विस्तार और पूंजी आधार मजबूत करने में किया जाएगा। कंपनी के अनुसार एनसीडी पर अधिकतम नौ प्रतिशत प्रतिवर्ष तक प्रभावी रिटर्न मिलेगा। यह इश्यू 24, 36 और 60 महीने की अवधि के विकल्पों में उपलब्ध है। ब्याज भुगतान मासिक, वार्षिक या परिपक्वता पर लेने का विकल्प निवेशकों को दिया गया है।

प्रत्येक एनसीडी की फेस वैल्यू एक हजार रुपये है तथा न्यूनतम आवेदन राशि दस हजार रुपये निर्धारित की गई है। इश्यू चार मार्च को बंद होगा, हालांकि इसे पूर्व में भी बंद किया जा सकता है। आवंटन ‘पहले आएं, पहले पाएं’ के आधार पर किया जाएगा। इश्यू को क्रिसिल रेटिंग ने ‘क्रिसिल एए/स्टेबल’ तथा ब्रिकवर्क रेटिंग्स ने ‘बीडब्ल्यूआर एए (स्टेबल)’ रेटिंग प्रदान की है, जो अपेक्षाकृत कम क्रेडिट जोखिम को दर्शाती है।

कंपनी के फाउंडर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर निर्मल जैन ने कहा कि आईआईएफएल फाइनेंस का डाइवर्सिफाइड रिटेल पोर्टफोलियो 4.6 मिलियन से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे रहा है और इस प्रस्तावित इश्यू के माध्यम से क्रेडिट उपलब्धता को और बढ़ाया जाएगा। 31 दिसंबर 2025 तक कंपनी के कंसोलिडेटेड एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) 98,336 करोड़ रुपये रहे।

कंपनी का ग्रॉस एनपीए 1.60 प्रतिशत और नेट एनपीए 0.75 प्रतिशत दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी ने 501.3 करोड़ रुपये का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स अर्जित किया। एनसीडी को बीएसई लिमिटेड और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया पर सूचीबद्ध किया जाएगा। इश्यू के लीड मैनेजर ट्रस्ट इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड, नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट लिमिटेड और आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड हैं।

Related Articles

Back to top button