उत्तर प्रदेश

सपा महिला विंग ने गैस सिलेंडर की ‘अर्थी’ निकाल जताया विरोध, कहा- अब हम अपने बच्चों को कैसे पालेंगे…

लखनऊ। महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी की महिला विंग की कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कैसरबाग स्थित पार्टी मुख्यालय पर अनोखा प्रदर्शन किया। महिलाओं ने गैस सिलेंडर को ‘शव’ मानते हुए उसकी अर्थी निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सिलेंडर को सफेद कपड़े ओढ़ाकर उसके चारों ओर बैठकर विलाप किया।

महिलाएं छाती पीटते हुए कह रही थीं “अब हम अपने बच्चों को कैसे पालेंगे, सिलेंडर हमें छोड़कर चला गया, अब हम क्या करेंगे।” इस भावनात्मक अंदाज में उन्होंने बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की समस्या को उजागर किया। कुछ महिलाएं हाथों में पोस्टर और खाली बर्तन लेकर पहुंचीं थी, जिन पर लिखा था “महंगी गैस, महंगा तेल-मोदी योगी दोनों फेल”।

सपा कार्यालय से निकलकर सड़कों पर उतरीं कार्यकर्ताओं ने नारा लगाया “मोदी तेरे सरकार में, कटोरा हाथ में”। प्रदर्शनकारी महिला सीमा यादव ने कहा कि महंगाई से आम जनता त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले आधार, फिर नोटबंदी और अब गैस सिलेंडर जैसी समस्याओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

उनका कहना था कि आज हालात ऐसे हैं कि कई परिवारों के लिए खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। सपा प्रदेश सचिव मनीषा ने बताया कि गैस सिलेंडर की अर्थी उठाकर विरोध दर्ज कराया जा रहा है और आगे इसे वाराणसी ले जाकर गंगा स्नान करने की भी योजना है।

Related Articles

Back to top button