उत्तर प्रदेश

बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आये RLD के सांसद, विधायक, Flood Relief Fund में देंगे अपना 1 माह का वेतन

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल पार्टी (रालोद) के विधायक व सांसद अपना एक माह का वेतन बाढ़ राहत कोष में देंगे। जिससे बाढ़ प्रभावित जनमानस की मदद की जा सके। यह निर्देश पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दिया है। बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि देश के कई राज्य बाढ़ से लगातार प्रभावित हो रहे हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है।

कई-कई दिन से परिवार के परिवार बाढ़ की चपेट में आए हुए हैं। उनको राज्य सरकार तथा केंद्र सरकार की टीम लगातार सुरक्षित जगह पर पहुंचने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरा देश बाढ़ पीड़ितों के लिए जुट रहा है और उनके साथ खड़ा है। गौरतलब है कि मंगलवार को उत्तर प्रदेश में बाढ़ से प्रभावित जिलों की संख्या बढ़कर 22 हो गई। जबकि अब तक प्रदेश के 607 गांवों के 1,41,169 लोग बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं।

पहाड़ों और मैदानी इलाकों में जारी बारिश के कारण नदियों में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। सिंचाई विभाग के अनुसार मंगलवार को कानपुर बैराज से 3 लाख 84 हजार 939 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह मौजूदा मॉनसूनी सीजन का दूसरा मौका है जब इतनी बड़ी मात्रा में पानी डाउनस्ट्रीम की ओर छोड़ा गया। हरिद्वार से 1 लाख 74 हजार 424 क्यूसेक और नरौरा से 1 लाख 69 हजार 626 क्यूसेक पानी गंगा में छोड़े जाने से जलस्तर तेजी से बढ़ा है।

Related Articles

Back to top button