
सुलतानपुर। प्रख्यात कवि कुमार विश्वास, दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन तथा विधायक सोमनाथ भारती से जुड़े एक मामले में सुलतानपुर स्थित विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई टल गई। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 5 जून की तारीख निर्धारित की है। अधिवक्ता मदन सिंह ने बताया कि तकनीकी और प्रक्रियात्मक कारणों के चलते मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
न्यायाधीश शुभम वर्मा की अदालत ने पूर्व में तीनों नेताओं को समन जारी कर तलब किया था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सुनवाई के दौरान आरोपियों की ओर से कोई अधिवक्ता अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। साथ ही न्यायालय को अभी तक यह रिपोर्ट भी प्राप्त नहीं हुई है कि संबंधित आरोपियों को समन विधिवत तामील कराया गया है या नहीं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अमेठी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कुमार विश्वास को उम्मीदवार बनाया था। चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता उल्लंघन तथा बिना अनुमति जनसभा और प्रदर्शन करने के आरोप में पुलिस ने कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन, सोमनाथ भारती समेत अन्य नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने मामले की जांच पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। प्रारंभ में यह मामला मुसाफिरखाना न्यायालय में विचाराधीन था, जिसे बाद में सुलतानपुर स्थित विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया।




