उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

अयोध्या को नई सौगातः करोड़ रुपये की लागत से बनेगा दो लेन आरओबी, रेलवे समपार पर जाम की समस्या होगी समाप्त

अयोध्या: योगी सरकार ने अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर यातायात को सुगम बनाने और रेलवे समपार पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में एक बड़ी सौगात दी है। अकबरपुर-अयोध्या-बाराबंकी रेल सेक्शन के किमी. 975/20-22 पर स्थित समपार संख्या 125सी पर दो लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। इस परियोजना को राज्यपाल ने भी अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

परियोजना की कुल अनुमोदित लागत लगभग 96.82 करोड़ रुपये है। इसमें मुख्य सेतु (रेलवे भाग) की लागत 3528.19 लाख रुपये, यूटिलिटी शिफ्टिंग 52.27 लाख रुपये, भूमि अधिग्रहण 1372.85 लाख रुपये और पहुंच मार्ग आदि की लागत 4728.42 लाख रुपये शामिल है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहले चरण में 2153.73 लाख रुपये की राशि जारी कर दी गई है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को सौंपी गई है। परियोजना प्रबंधक रोहित अग्रवाल इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

सम्पार संख्या 125सी पर वर्तमान में भारी वाहनों और आम यातायात के कारण अक्सर जाम लगता है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को काफी परेशानी होती है। नया दो लेन रेल उपरिगामी सेतु बनने से रेल और सड़क यातायात पूरी तरह अलग हो जाएगा। इससे न केवल जाम की समस्या समाप्त होगी, बल्कि अकबरपुर-अयोध्या-बाराबंकी रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन भी अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा। जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता (सेतु) के पत्र के आधार पर राज्यपाल ने इस परियोजना को प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button