
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) के इकलौते वर्तमान विधायक उमाशंकर सिंह के गोमतीनगर स्थित आवास और कार्यालय पर आज सुबह आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की है।
विधायक उमाशंकर सिंह, जो रसड़ा (बलिया) विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, कैंसर से जूझ रहे हैं और दो बार उनका ऑपरेशन हो चुका है। वे अपने लखनऊ आवास पर आइसोलेशन में रहते हैं।
सूत्रों के अनुसार, 50 से अधिक आयकर अधिकारी और कर्मचारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं। टीम दस्तावेजों, रिकॉर्ड्स और अन्य सामग्री की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के आने-जाने पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है।
यह छापा राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि उमाशंकर सिंह BSP सुप्रीमो मायावती के इकलौते विधायक हैं। अभी तक आयकर विभाग की ओर से इस छापे के कारणों या बरामदगी के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।




