उत्तर प्रदेश

यूपी रोडवेज का बड़ा तोहफा, चित्रकूट के लिए यात्रियों को मिलेगी नई बस सेवा की सौगात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री आशीष पटेल और परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ से चित्रकूट के हनुमानगंज तक नई रोडवेज बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई सेवा से चित्रकूट के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राजधानी लखनऊ तक सीधा और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

आशीष पटेल ने कहा कि इस बस सेवा के शुरू होने से चित्रकूट के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है और उन्हें आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। यह बस लखनऊ से रायबरेली, ऊंचाहार, सिराथू और राजापुर होते हुए हनुमानगंज तक जाएगी, जिससे रास्ते में पड़ने वाले क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रदेश में परिवहन सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और करीब 1540 नए रूट चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जल्द ही सभी गांवों को परिवहन सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

परिवहन विभाग के अनुसार बस आलमबाग से सुबह 8:30 बजे रवाना होकर दोपहर 2:15 बजे हनुमानगंज पहुंचेगी और शाम 3:30 बजे वहां से चलकर रात 9:15 बजे लखनऊ लौटेगी। लगभग 234 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह सेवा क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।

Related Articles

Back to top button