
बाराबंकी। सोमवार को वकीलों का 48 घंटे का अल्टीमेटम पूरा हो गया। सुबह से ही छावनी बनी कचहरी से वकील कामकाज ठप पर निकले लेकिन भारी संख्या में पुलिस पीएसी के आगे उनका प्रदर्शन उग्र नहीं हो सका। एसपी कार्यालय का घेराव व नारेबाजी के बाद वकीलों के प्रतिनिधिमंडल की भेंट एसपी से हुई, जहां शीघ्र खुलासे के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।
जेलर हत्याकांड के आरोपी व मुख्तार अंसारी गैंग के सदस्य रहे शोएब किदवई उर्फ बॉबी हत्याकांड को लेकर अधिवक्ता संघ ने घटना के दिन ही एसपी से मिलकर 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया और खुलासा न होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। जिसकी मियाद सोमवार को पूरी हो गई।
वकीलों के प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस महकमे ने भी कमर कस ली थी और बड़ी संख्या में पीएसी व पुलिस से कचेहरी की घेराबंदी कर दी। उधर कचहरी में अधिवक्ता संघ कार्यालय में वरिष्ठ अधिवक्ताओं की बैठक व कामकाज ठप रखने के ऐलान के बाद करीब एक बजे वकील बड़ी संख्या में हाइवे पर आ गए।
सुरक्षा के तामझाम देख वकील सहमे नजर आए लेकिन प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए एसपी कार्यालय पहुंच गए, यहां पर घेराव के बाद अधिवक्ता संघ अध्यक्ष नरेन्द्र वर्मा, पूर्व अध्यक्ष जगतबहादुर सिंह, बृजेश दीक्षित आदि के प्रतिनिधमंडल ने एसपी से मुलाकात की।
इस मुलाकात के बारे में अध्यक्ष नरेन्द्र वर्मा ने बताया कि पुलिस को खुलासे के लिए दो दिन का और समय दिया गया है। बताया कि पुलिस टीमें लगातार जुटी हुई हैं और परिवार से सहयोग की अपेक्षा की जा रही। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद वकील कचहरी वापस चले गए।
बातचीत को तैयार नहीं बॉबी के परिजन
गत शुक्रवार को वकील शुएब किदवई उर्फ बॉबी की गोलियों से छलनी कर हत्या के मामले में 48 घंटे बाद भी पुलिस को खास सफलता नहीं मिल सकी है। सीसीटीवी फुटेज, चालक से पूछतांछ, संदिग्धों से बात के बावजूद पुलिस किसी लीड से दूर है। बॉबी के परिजन भी बातचीत को तैयार नहीं हैं जिससे पुलिस कोई अन्य वजह भी खंगाल नहीं पा रही।
बताते चलें कि बीते शुक्रवार की दोपहर के समय लखनऊ से कार से अकेले बाराबंकी आ रहे अधिवक्ता शुएब किदवई उर्फ बॉबी की हाइवे पर असैनी मोड़ के पास ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के खुलासे के लिए स्वाट समेत पांच टीमों को लगाया गया लेकिन पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
घटना के खुलासे के लिए एसटीएफ भी जुटी हुई है। टीमों ने लगभग सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ ही संदिग्धों से पूछतांछ भी कर ली है लेकिन ऐसा कुछ हाथ नहीं लगा जिससे पुलिस खुलासे के करीब पहुंच सके। उसका सारा जोर अब मृतक बॉबी के परिजनों से बातचीत पर है, लेकिन परिजन बात करने को तैयार नही हैं। क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार ने बताया कि अभी जांच पड़ताल जारी है। परिजनों से फिर बातचीत की कोशिश की जाएगी। टीमें खुलासे की दिशा में प्रयासरत हैं।



