
कानपुर के एक प्रसिद्ध गणेश मंदिर में चोरों ने भगवान के घर को भी नहीं बख्शा। शातिर चोरों ने मंदिर पर से चांदी के मुकुट चोरी कर लिए। जानकारी के मुताबिक, शातिर चोरों ने मंदिर में रखे 10 चांदी के मुकुट में से 7 मुकुट चुरा लिए। इसके बाद मंदिर परिसर और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई।
चोरों के साथ एक महिला भी
चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें चोर चेहरे पर हेलमेट लगाए नजर आ रहे हैं। उनके साथ एक महिला भी दिखाई दे रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी और हरवंश मोहाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना स्थल पर पहुंचे सपा विधायक
चोरी की खबर मिलते ही सपा विधायक अमिताभ बाजपेई भी मंदिर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने और चोरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
वहीं, मंदिर के प्रबंधक ने बताया कि यह प्रसिद्ध गणेश मंदिर पहले भी धमकियां मिलने के कारण चर्चा में रहा है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हुई है।




