देशबड़ी खबर

महाराष्ट्र में डॉक्टरों की अब अनिश्चितकालीन हड़ताल, हाथों में तख्ती लेकर ‘No CCMP’ के लगाए नारे, कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान

महाराष्ट्र में डॉक्टर हड़ताल पर आ गए हैं। हाथों में तख्ती लेकर डॉक्टरों ने No CCMP का नारे भी लगाए हैं। सरकार और महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल द्वारा होम्योपैथी डॉक्टरों को CCMP (Certificate Course in Modern Pharmacology) के तहत एलोपैथी दवाइयां लिखने की अनुमति दिए जाने के फैसले के विरोध में महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (MARD) की हड़ताल अब अनिश्चितकालीन हो गई है। पहले यह 24 घंटे की हड़ताल थी, लेकिन अब इसे अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया गया है। इस आंदोलन को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) का भी समर्थन मिला है।

सरकार से फैसला तत्काल वापस लेने की मांग

इसी के विरोध में गुरुवार को मुंबई के आजाद मैदान में बड़ी संख्या में रेजिडेंट डॉक्टरों और IMA के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। हाथों में तख्ती लेकर डॉक्टरों ने “No CCMP” के नारे लगाए और सरकार से यह फैसला तत्काल वापस लेने की मांग की।

मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़

डॉक्टरों का कहना है कि केवल 90 दिन का कोर्स कराकर होम्योपैथी डॉक्टरों को एमबीबीएस और एमडी डॉक्टरों के बराबर नहीं रखा जा सकता। उनका आरोप है कि यह फैसला मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।

मरीजों को परेशान करना हमारा उद्देश्य नहीं

डॉक्टरों ने कहा कि उनका उद्देश्य मरीजों को परेशान करना नहीं है। इसलिए फिलहाल इमरजेंसी सेवाएं और पहले से भर्ती मरीजों का इलाज प्रभावित नहीं होगा। हालांकि, यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो भविष्य में इमरजेंसी सेवाओं को भी आंदोलन के दायरे में लाया जा सकता है।

इतनी जल्दबाजी में क्यों लिया गया फैसला

डॉक्टरों ने यह भी सवाल उठाया कि जब यह मामला हाईकोर्ट में लंबित है तो सरकार ने इतनी जल्दबाजी में फैसला क्यों लिया। उनका आरोप है कि सरकार अब तक बातचीत शुरू करने की कोई पहल नहीं कर रही है।

डॉक्टरों की हड़ताल पर कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान

मुंबई में जारी डॉक्टरों की हड़ताल का बॉम्बे हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। कोर्ट ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (महाराष्ट्र), MARD और राज्य सरकार के चिकित्सा शिक्षा विभाग को नोटिस जारी कर मामले में दोपहर 1 बजे तत्काल सुनवाई तय की है। यह विवाद होम्योपैथी डॉक्टरों को महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में परजिस्ट्रेशन दिए जाने को लेकर है। इसी मुद्दे पर डॉक्टरों का विरोध और हड़ताल जारी है, जिस पर अब हाई कोर्ट तत्काल सुनवाई करेगा।

Related Articles

Back to top button