देशबड़ी खबर

AAP सांसद अशोक मित्तल के घर समेत 8-9 ठिकानों पर ED की छापेमारी, FEMA उल्लंघन के मामले में रेड

नई दिल्ली/जालंधर: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल के आवास और उनके संस्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने बुधवार को छापेमारी की। ईडी की टीम ने कुल 8 से 9 स्थानों पर सर्च अभियान चलाया, जिसमें मित्तल के गुरुग्राम और पंजाब स्थित ठिकान शामिल हैं।

ईडी की यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघनों की जांच के सिलसिले में की गई है। टीम ने अशोक मित्तल, उनके बेटे और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के परिसरों पर भी छापा मारा। जालंधर स्थित विश्वविद्यालय में भी ईडी अधिकारी पहुंचे और दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।

कौन हैं अशोक मित्तल?

61 वर्षीय अशोक मित्तल लवली ग्रुप के संस्थापक और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर हैं। वे एक सफल उद्योगपति और शिक्षाविद् हैं। हाल ही में AAP ने उन्हें राज्यसभा में पार्टी का डिप्टी लीडर नियुक्त किया था, जहां उन्होंने राघव चड्ढा की जगह ली थी।

भगवंत मान का केंद्र पर हमला

इस छापेमारी पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है और विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है।

ईडी ने अभी तक इस मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। छापेमारी सुबह से ही जारी है और टीमों ने स्थानीय पुलिस से कोई सहायता नहीं ली। जांच एजेंसी अब मित्तल ग्रुप से जुड़े वित्तीय लेन-देन और विदेशी निवेश संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button