देश

CBSE 10वीं बोर्ड की दूसरी परीक्षा शुरू! 6.68 लाख छात्र देंगे इम्प्रूवमेंट और कंपार्टमेंट एग्जाम

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा गुरुवार 15 मई से शुरू हो गई। पहले दिन गणित (Maths) का पेपर आयोजित किया गया।

बोर्ड के मुताबिक, इस दूसरी परीक्षा के लिए कुल 6.68 लाख से ज्यादा छात्रों ने आवेदन किया है। इनमें 5,25,655 छात्र इम्प्रूवमेंट श्रेणी में, 85,285 कंपार्टमेंट श्रेणी में और 57,914 छात्र दोनों श्रेणियों में परीक्षा देने के लिए रजिस्टर्ड हैं।

परीक्षा का शेड्यूल

– 16 मई: अंग्रेजी कम्यूनिकेटिव और अंग्रेजी भाषा एवं साहित्य
– 19 मई: हिंदी, उर्दू, पंजाबी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी, गुजराती समेत अन्य भाषाएं तथा गृह विज्ञान और व्यावसायिक विषय
– 20 मई: संस्कृत, पेंटिंग, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
– 21 मई: सामाजिक विज्ञान के साथ दूसरा चरण समाप्त होगा

दो बोर्ड परीक्षाएं क्यों?  

CBSE ने 2026 सत्र से कक्षा 10वीं में दो बार बोर्ड परीक्षा का नया सिस्टम लागू किया है। फरवरी में हुई पहली परीक्षा अनिवार्य है, जबकि यह दूसरी परीक्षा वैकल्पिक है। छात्र अपने अंकों में सुधार करना चाहें या जिन विषयों में फेल हो गए हैं उन्हें पास करने के लिए इस परीक्षा में बैठ सकते हैं। छात्र अधिकतम तीन विषयों में ही इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

अगर छात्र दूसरी परीक्षा में बेहतर अंक लाते हैं तो नए अंक मान्य होंगे। लेकिन अगर कम अंक आए तो पहली परीक्षा के अंक ही बरकरार रहेंगे।

रिजल्ट कब?  

CBSE की ओर से उम्मीद जताई गई है कि परीक्षा समाप्त होने के एक महीने के अंदर दूसरी बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे, जिसके बाद छात्र आगे की एडमिशन प्रक्रिया आसानी से पूरा कर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button